वाराणसी। पूर्वांचल सहित वाराणसी में मौसम का रुख लगातार बादलों की ओर हो चला है। माना जा रहा है कि अब पूरी तरह से प्री मानसूनी सक्रियता का रुख हो सकता है। जबकि आर्द्रता में इजाफा और लोकल हीटिंंग बादलों की सक्रियता कराएगा जिसकी वजह से बादलों की आवाजाही होगी और बूंदाबांदी का रुख भी रह सकता है। मौसम विभाग ने बादलों की आवाजाही इस पूरे सप्ताह तक बने रहने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही प्री मानसूनी सक्रियता का दौर लोगों को राहत देगा।
मानसूर दक्षिण पश्चिम और पूर्वोत्तर की ओर से उत्तर प्रदेश की ओर धीरे धीरे बढ़ रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दस दिनों में मानसून उत्तर प्रदेश की दहलीज पर सोनभद्र के रास्ते दस्तक देने लगेगा। सोनभद्र में भी स्थानीय लोग खोड़वा पहाड़ की ओर टकटकी लगाकर बादलों की आमद की राह देखकर मानसून की आहट ले रहे हैं। हालांकि इस माह दो दिन बूंदाबांदी के बाद अब लोकल हीटिंग के साथ बादलों की आवाजाही का दौर भी हो रहा है।
मंगलवार की सुबह वातावरण का रुख बादलों की ओर बना रहा, दिन चढ़ने के बाद भी वातावरण में बादलों की सक्रियता का असर बना रहा। हालांकि दोपहर में धूप खिलने पर गर्म हवाएं चलने का अनुमान है। लिहाजा दिन में मौसम का रुख मिला जुला रह सकता है। मौसम विभाग की ओर से आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही का अनुमान जताया गया है। इसके साथ ही रात का तापमान भी बढ़ सकता है। इसके साथ ही वातावरण का रुख बदलों की ओर रहने के साथ ही उमस का दौर लोगों को पसीना- पसीना कर सकता है।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 43.3°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 26.4°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.0 डिग्री कम रहा। वहीं आर्द्रता न्यूनतम 34% और अधिकतम 46% दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का रुख बादलों की ओर ही रहने का अनुमान जाहिर किया गया है। वातावरण में ठंडी पुरवा हवाओं का भी रुख रहेगा और उमस का दौर भी बारिश के बाद हो सकता है।
No comments:
Post a Comment