वाराणसी :- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का शुभारंभ सोमवार सुबह नमो घाट पर उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। गंगा तट पर आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन पारस यादव ‘पप्पू’ एवं डॉ. दीपिका दवे ने किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ तथा विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा रहे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. नितेश श्रीवास्तव, एसडीएम पवन कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*सामूहिक योगाभ्यास से गूंजा नमो घाट*
योग प्रशिक्षक दिनेश कुमार मौर्य और आरती सिंह के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास किया। गंगा किनारे स्थित नमो घाट का पूरा वातावरण योगमय हो गया और उपस्थित लोगों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
*योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर : दयाशंकर मिश्र*
अपने संबोधन में आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि योग भारत की ऐसी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वस्थ और संतुलित जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली और आज विश्व के अनेक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है।
योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं : हंसराज विश्वकर्मा
राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में योग, आयुष और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने योग को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार बताते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से योग आज जन-जन के जीवन का हिस्सा बनता जा रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह के तहत आयोजित इस पहले प्रमुख कार्यक्रम में आयुष विभाग, शिक्षा विभाग, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। नमो घाट पर आयोजित यह आयोजन आगामी योग सप्ताह कार्यक्रमों की सफल शुरुआत का साक्षी बना।
No comments:
Post a Comment