4/23/2024

यूपी के इस जिले में अगले तीन-चार दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी, लू बढ़ा रही मुश्किल

यूपी के इस जिले में अगले तीन-चार दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी, लू बढ़ा रही मुश्किल

वाराणसी:- कई सप्ताह से जारी भयंकर गर्मी के बाद बादल छाए रहे। दो दिन पहले अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री था, लेकिन सोमवार को 40.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। इस तरह 3.5 डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट हुई है, लेकिन 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा मुश्किल बढ़ा रही है। लू के थपेड़े सड़क पर चलने वालों को बहुत परेशान किए। न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विज्ञानी व बीएचयू के जीओ फिजिक्स विभाग के पूर्व प्रोफेसर सुरेन्द्र नाथ पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट रही। यही स्थिति एक-दो दिन और रहेगी लेकिन लू चलती रहेगी। हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं बन रही है।

*प्रदेश के कई जिलों में गर्मी का सितम*

राजधानी समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में भीषण गर्मी का सितम जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन-चार दिनों तक 36 से अधिक जिलों में दिन व रात के तापमान में तीन-चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होगी। राज्य के अधिकतर हिस्सों में लू की भी चेतावनी जारी की गई है। अभी बारिश के आसार नहीं दिख रहे हैं।

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से यूपी के ज्यादातर इलाकों में दिन का पारा 40 से अधिक बना हुआ है। रात के तापमान में भी बढ़ोत्तरी देखी गई है। पिछले साल की तुलना में इस बार गर्मी थोड़ा परेशान कर सकती है।

मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम पारा 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इसके अलावा बाराबंकी, हरदोई, कानपुर शहर, कानपुर देहात, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, वाराणसी, बहराइच और प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है।

वहीं, रविवार को बुलंदशहर की रात प्रदेश में सबसे गर्म रही। यहां न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि इस सप्ताह में गर्मी के तेवर और सख्त होंगे। करीब चार डिग्री सेल्सियस तक उछाल देखी जा सकती है।

No comments:

Post a Comment