6/20/2026

वाराणसी नीट पेपर 21 जून को होने वाली NEET परीक्षा को लेकर वाराणसी रेलवे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।


वाराणसी। 21 जून को होने वाली NEET परीक्षा को लेकर वाराणसी रेलवे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। परीक्षा में शामिल होने के लिए करीब 25 हजार अभ्यर्थियों के वाराणसी पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्टेशन पर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यात्री सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रेलवे अधिकारियों ने दावा किया है कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष कार्ययोजना लागू कर दी गई है।

वाराणसी रेलवे स्टेशन के निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि बड़ी संख्या में छात्रों के आगमन को देखते हुए स्टेशन परिसर में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और अन्य स्टाफ मिलकर स्टेशन पर व्यवस्था बनाए रखेंगे ताकि भीड़ के बावजूद यात्रियों को सुगम आवागमन मिल सके।

*अभ्यर्थियों के लिए बने विशेष हेल्प डेस्क*

परीक्षार्थियों को प्लेटफॉर्म, निकास मार्ग और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। यहां तैनात कर्मचारी छात्रों और उनके अभिभावकों की हर संभव सहायता करेंगे।

*24 घंटे मेडिकल टीम रहेगी मुस्तैद*

रेलवे प्रशासन ने चिकित्सा विभाग को भी अलर्ट पर रखा है। स्टेशन परिसर में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की विशेष टीम तैनात रहेगी, ताकि किसी भी यात्री या अभ्यर्थी की तबीयत खराब होने पर तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

*रेलवे की अपील: समय से पहुंचें, जरूरी दस्तावेज रखें साथ*

रेलवे प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दिन किसी भी तरह की जल्दबाजी से बचने के लिए समय से पहले वाराणसी पहुंचें। साथ ही अपना NEET एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र (ID Proof) अनिवार्य रूप से साथ रखें, ताकि यात्रा और परीक्षा केंद्र पर किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन सभी व्यवस्थाओं का उद्देश्य अभ्यर्थियों को सुरक्षित, सहज और तनावमुक्त यात्रा का अनुभव देना है, जिससे वे पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ अपनी परीक्षा में शामिल हो सकें।

No comments:

Post a Comment