28 जून को दिलीप सिंह बंटी व विवेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में रवाना होगा दूसरा जत्था, लक्सा से निकलेगी बाइक रैली
वाराणसी। श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में जम्मू-कश्मीर स्थित अमरनाथ यात्रियों की सेवा के लिए काशी का 26वां विशाल भंडारा चंदनबाड़ी आधार शिविर में आयोजित किया जाएगा। यह भंडारा यात्रा अवधि से रक्षाबंधन तक चलेगा।
समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह बंटी ने बताया कि 28 जून को सेवादारों का दूसरा जत्था जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगा। पहला जत्था पहुंचकर चंदनबाड़ी में कैंप लगाने की तैयारियों में जुट चुका है।
उन्होंने बताया कि चंदनबाड़ी कैंप में करीब 300 यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था रहेगी। यात्रियों को बनारसी कचौड़ी, पूरी-जलेबी, दाल-चावल, पावभाजी, इडली, मसाला डोसा, दूध, ठंडाई सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा कंबल, जूता, मोजा, मास्क, टोपी, स्वेटर और शॉल की भी व्यवस्था रहेगी।
दिलीप सिंह बंटी ने बताया कि चंदनबाड़ी से अमरनाथ गुफा की करीब 36 किलोमीटर की यात्रा शेष रहती है। इस बार यात्रियों की संख्या पहले से अधिक होने की संभावना है। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और सुरक्षा व्यवस्था भी पहले से मजबूत की गई है।
उन्होंने बताया कि 28 जून को सुबह 7:30 बजे लक्सा स्थित निवास स्थान से बाइक रैली निकाली जाएगी। 300-400 बाइक के काफिले के साथ निकलने वाली रैली लक्सा, भेलूपुर, शिवाला, सोनारपुरा, गोदौलिया, बांसफाटक, चौक, मैदागिन, लहुराबीर होते हुए वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचेगी। रैली में बाबा बर्फानी स्वरूप शिवलिंग और डमरू दल भी शामिल रहेगा।
दूसरा जत्था दिलीप सिंह बंटी और विवेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में 70 सेवदारों के साथ बेगमपुरा एक्सप्रेस से रवाना होगा। दल में हलवाई, इलेक्ट्रिशियन, पान और ठंडाई की व्यवस्था संभालने वाले सेवक भी शामिल रहेंगे।
समिति के अनुसार गुजरात से भी सेवदारों का दल गुजराती भोजन सामग्री लेकर 10 जुलाई को भंडारे में पहुंचेगा।
इस अवसर पर समिति ने सभी शिव भक्तों से अपील की है कि 28 जून को सुबह 7:30 बजे पहुंचकर सेवदारों को विदाई दें और उनका उत्साह बढ़ाएं।
इस सेवा कार्य में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न मंडलों का सहयोग मिल रहा है।
No comments:
Post a Comment