10/12/2026

यूजीसी के नए नियमों के विरोध में करणी सेना का प्रदर्शन, पुलिस से नोक झोक


सवर्ण आयोग के गठन और नियमों की वापसी की मांग प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में 





वाराणसी । विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए इक्विटी नियमों के विरोध में सोमवार को करणी सेना और विभिन्न सवर्ण संगठनों ने शास्त्रीघाट से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी सवर्ण आयोग के गठन और यूजीसी के नियमों की वापसी की मांग कर रहे थे। कलेक्ट्रेट गेट पर रोकने के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई।इस नोकझोंक में कई पुलिस कर्मियों के बैच जमीन पर गिरा दिखाई दिए इसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
प्रदर्शनकारियों ने जनवरी 2026 में जारी यूजीसी नियमों को भेदभावपूर्ण बताते हुए आरोप लगाया कि इनमें सामान्य वर्ग के छात्रों के हितों की सुरक्षा के पर्याप्त प्रावधान नहीं हैं। कार्यकर्ताओं ने फर्जी शिकायतों की स्थिति में छात्रों को सुरक्षा देने और सवर्ण आयोग गठित करने की मांग उठाई। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी हुई।

चाइनीज मांझे पर अंकुश लगाने की मांग, डीएम को सौंपा प्रार्थना पत्र

वाराणसी। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और पीड़ितों को आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर अधिवक्ता नित्यानंद राय ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि चाइनीज मांझे की चपेट में आने से कई लोग घायल हो चुके हैं, जबकि कुछ लोगों की जान भी जा चुकी है। 31 दिसंबर 2024 को चौकाघाट फ्लाईओवर पर विवेक शर्मा की मांझे से गर्दन कटने के कारण मौत हो गई थी। इसी दिन पांडेयपुर फ्लाईओवर पर सज्जन कुमार और रेस्टोरेंट संचालक प्रतीक अग्रहरि भी घायल हुए थे।

अधिवक्ता ने मांग की है कि चाइनीज मांझे से मृत नागरिकों के परिजनों और घायलों को राज्य सरकार की ओर से उचित मुआवजा व आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही पूरे प्रदेश और देश में इस पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

10/06/2026

एमएलसी चुनाव: दस प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन, कचहरी के आसपास लगा भीषण जाम



वाराणसी। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन मंगलवार को दस प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन को लेकर कचहरी और कचहरी सर्किल के आसपास प्रत्याशियों के समर्थकों की भारी भीड़ जुटने से यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और कई मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कपिलदेव (निर्दल), फरीद अहमद (शिक्षक संघ), केदारनाथ सिंह (भारतीय जनता पार्टी), पंकज गौतम (निर्दल), राजकुमार दुबे (निर्दल), आशीष तिवारी (निर्दल), देव कुमार राजू (निर्दल), आशुतोष सिन्हा (समाजवादी पार्टी), रितिका दुबे (निर्दल) और सुनील कुमार सिंह (कांग्रेस) ने नामांकन दाखिल किया।
नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में समर्थक कचहरी परिसर और आसपास पहुंचे। इससे कचहरी सर्किल, पुलिस लाइन तथा आसपास के मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और यातायात पुलिस के जवान तैनात रहे और वाहनों को नियंत्रित कर आवागमन सामान्य कराने का प्रयास किया गया। तेज धूप के बीच जाम में फंसे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। जाम में कुछ स्कूली बच्चे भी फंसे नजर आए।

नामांकन प्रक्रिया पूरी, अब जांच और नाम वापसी:


 निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर थी। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित है। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी। 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

9/28/2026

समूह सखियों ने मानदेय बढ़ाने समेत सुविधाओं की उठाई मांग


वाराणसी। विकासखंड पिंडरा की विभिन्न ग्राम पंचायतों में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कार्यरत समूह सखियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। समूह सखियों का कहना है कि वे पूरे माह विभिन्न जिम्मेदारियां निभाती हैं, लेकिन शासन स्तर से निर्धारित मात्र 2000 रुपये प्रतिमाह की धनराशि भी कई बार वर्षों बाद कटौती के साथ मिलती है।
उन्होंने बताया कि गरीब महिलाओं को प्रेरित कर स्वयं सहायता समूहों का गठन कराने, सदस्यों के बैंक खाते व बीमा कराने, प्रशिक्षण देने, विभिन्न फार्म भरवाने, आधार के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन कर LOKOS ऐप पर जोड़ने, आधार कार्ड, जॉब कार्ड व आवास संबंधी सूचनाएं ऑनलाइन अपडेट करने, समूह बैठकों में भाग लेने, रजिस्टर लिखवाने तथा आजीविका के लिए ऋण उपलब्ध कराने जैसे कार्य किए जाते हैं। इसके अलावा विकासखंड संकुल व बैंक शाखाओं में लगातार जाकर समूह संबंधी कार्य भी करने पड़ते हैं।
समूह सखियों ने मांग की कि उनका मानदेय बढ़ाया जाए, दुर्घटना एवं स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा दी जाए, कार्य के लिए स्मार्टफोन व मासिक मोबाइल भत्ता उपलब्ध कराया जाए तथा मानदेय सीधे उनके व्यक्तिगत बैंक खातों में भेजा जाए। उन्होंने समूह सखियों को अलग पहचान देने की भी मांग की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुभावती, संगीता, ममता, नीतू राजभर, गुंजन मिश्रा, रीता देवी, शीला देवी, पूनम राजभर, मुन्नी वर्मा, मुन्नी, सबाना-शाबाना, मनीषा कुमारी, सरिता देवी, प्रमिला देवी, पुष्पा मौर्या, पुष्पा, पुष्पा देवी, उषा देव, रिचा देवी और रिंकी मौजूद रही ।

9/23/2026

जिलाधिकारी ने 'पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन' योजना के तहत लाभार्थी शिवानी को सौंपा 10 लाख रुपये का चेक​

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजनान्तर्गत बालिका शिवानी को 23 वर्ष की आयु पूर्ण करने के उपरांत 10 लाख रुपये का चेक उपलब्ध कराया तथा सुखद भविष्य की कामना की। 
    ​उल्लेखनीय है कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत जिलाधिकारी को योजनांतर्गत आच्छादित बच्चों का वैधानिक अभिभावक नामित किया गया है। इसी अभिभावकत्व के दायित्व का निर्वहन करते हुए जिलाधिकारी ने शिवानी के उज्ज्वल एवं आत्मनिर्भर भविष्य की कामना की और चेक सौंपते हुए उन्हें आगे की पढ़ाई तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
        ​लाभार्थी शिवानी ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस वित्तीय सहायता से उन्हें अपनी शिक्षा पूरी करने और आत्मनिर्भर बनने में बहुत बड़ा संबल मिला है। इस दौरान जिला जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्र उपस्थित रहे।