परिजन व क्षेत्रीय लोगों ने लगाया 3 घंटो तक जाम
शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धिपुर बाईपास (हनुमान मंदिर के पास) पर सोमवार तड़के करीब 4 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार आम लदी डीसीएम ने मिट्टी के कुल्हड़ बेचने जा रहे पिता-पुत्र को रौंद दिया। हादसे में हटिया (बसकडा) निवासी 65 वर्षीय छेदी लाल प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई। उनका 35 वर्षीय बेटा काशी गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे का कारण चौराहे के पास एक मकान निर्माण के लिए मुख्य सड़क पर मिट्टी गिराई गई थी। तेज रफ्तार डीसीएम इसी मिट्टी पर चढ़कर अनियंत्रित हुई और पलट गई। यह घटना सीसीटीवी (CCTV) में भी कैद हुई है। मृतक के बड़े बेटे बनारसी की भी 3 महीने पहले ट्रेन हादसे में मौत हो गई थी। इस नए हादसे के बाद 10 लोगों के परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गिलट बाजार-बाबतपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने ₹1 करोड़ मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। मौके पर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे एसडीएम नितिन सिंह और एसीपी अपूर्व पांडेय ने परिजनों को उचित सरकारी मुआवजा और न्याय दिलाने का भरोसा दिया, जिसके बाद करीब 3 घंटे से लगा जाम सुबह 9:30 बजे समाप्त हुआ।
No comments:
Post a Comment