6/27/2026

विश्वकर्मा मार्शल आर्ट्स के पांच प्रतिभागियों को मिला ब्लैक बेल्टप्रशिक्षक रमाशंकर विश्वकर्मा को भी किया गया सम्मानित

वाराणसी। विश्वकर्मा मार्शल आर्ट्स (दानियालपुर, सोनातलाब) के तत्वावधान में रविवार 28 जून 2026 को कॉम्बैट कराटे प्रतियोगिता के तहत पांच सीनियर प्रतिभागियों को ब्लैक बेल्ट प्रदान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. सुनील कुमार विश्वकर्मा (विभागाध्यक्ष, ललित कला विभाग), डॉ. मेजर अरविंद कुमार सिंह, कारगिल योद्धा अजय कुमार सिंह एवं स्थानीय पार्षद जितेंद्र कुशवाहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
संस्था के निदेशक रमाशंकर विश्वकर्मा ने संस्था की गतिविधियों और उद्देश्य के बारे में जानकारी दी। वहीं उपाध्यक्ष गोविंद विश्वकर्मा ने बच्चों के कठिन परिश्रम और प्रशिक्षण के दौरान किए गए प्रयासों से सभी को अवगत कराया।
इस अवसर पर सीनियर खिलाड़ियों ने मार्शल आर्ट की विभिन्न विधाओं का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा दिखाई। संस्था के खिलाड़ियों पलक विश्वकर्मा, साधना गुप्ता, खुशी राजभर, करन भारद्वाज और रेहान अंसारी को अतिथियों द्वारा ब्लैक बेल्ट एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद जितेंद्र कुमार कुशवाहा ने बच्चों और संस्था को बधाई देते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कारगिल योद्धा अजय कुमार सिंह ने बच्चों को कठिन परिस्थितियों में भी हिम्मत बनाए रखने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। डॉ. मेजर अरविंद कुमार सिंह ने समय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि प्रो. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी मेहनत का परिणाम ब्लैक बेल्ट के रूप में सामने है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन विवेक विश्वकर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन गोविंद विश्वकर्मा ने दिया। इस दौरान संस्था के सभी सीनियर-जूनियर खिलाड़ी, अभिभावक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment