6/16/2026

बाथरूम को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदला, नाव चालक समेत परिवार के कई लोग घायल


वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के शंकुलधारा चौकी अंतर्गत खोजवा पोस्ट ऑफिस के पास बाथरूम के इस्तेमाल को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। नाव चालक मोनू साहनी ने आरोप लगाया है कि एक महिला यूट्यूबर ने अपने 4-5 पुरुष साथियों को बुलाकर उन पर और उनके परिवार पर हमला करवा दिया।

मोनू साहनी के अनुसार हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और उनके सिर में 22 टांके लगाने पड़े। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी, साला और बच्चे भी मारपीट में घायल हुए हैं। सभी का उपचार कराया गया है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित महिला यूट्यूबर का क्षेत्र में पहले भी विवादों से नाम जुड़ चुका है। कुछ लोगों ने दावा किया कि पूर्व में भी उस पर क्षेत्र के एक व्यक्ति पर चाकू से हमला करने का आरोप लग चुका है। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर पुलिस घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment