वाराणसी :- जिला न्यायालय परिसर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला सीधे जिला जज की अदालत में पहुंचकर न्यायाधीश की कुर्सी पर बैठ गई। महिला को देखकर अदालत कर्मी और अधिवक्ता हैरान रह गए। कर्मचारियों ने उसे कुर्सी छोड़ने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही और हटने से इनकार कर दिया।
महिला के इस कदम से अदालत परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोरगुल सुनकर अन्य कर्मचारी, वकील और पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने महिला को डायस से नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह उलझती रही और हंगामा करने लगी।
सूचना मिलने पर कचहरी पुलिस चौकी की टीम महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद महिला को जज की कुर्सी से हटाया जा सका। घटना के वक्त जिला जज अवकाश पर थे। मामले की जानकारी मिलते ही अपर जिला जज यजुवेंद्र विक्रम सिंह अदालत पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक पर नाराजगी जताई। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
जानकारी के मुताबिक महिला का न्यायालय में कोई मुकदमा लंबित नहीं है। बताया जा रहा है कि वह पहले भी कई बार न्यायालय परिसर में पहुंचकर इसी तरह की हरकत कर चुकी है। इस घटना के बाद न्यायालय प्रशासन ने सभी प्रवेश द्वारों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिया है कि संबंधित महिला को भविष्य में कचहरी परिसर में प्रवेश न करने दिया जाए।
घटना ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि जहां जिला शासकीय अधिवक्ताओं के कार्यालय और कई महत्वपूर्ण न्यायिक कक्ष स्थित हों, वहां इस तरह की सुरक्षा चूक बेहद चिंताजनक है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है।
कुछ देर तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के कारण न्यायालय का कामकाज भी प्रभावित रहा और पूरे परिसर में इस घटना की चर्चा होती रही।
No comments:
Post a Comment