6/12/2026

नर्सिंग की छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, अबॉर्शन पिल की आशंका निकली गलत


वाराणसी:- सारनाथ थाना क्षेत्र में नर्सिंग की छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। शुरुआती जांच में जिस अबॉर्शन पिल को मौत की वजह माना जा रहा था, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उस थ्योरी को पूरी तरह खारिज कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार छात्रा की मौत अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) और उसके कारण आए शॉक से हुई।

पुलिस के मुताबिक, छात्रा के साथ बर्बरता पूर्ण तरीके से शारीरिक संबंध बनाए गए थे, जिससे उसके निजी अंगों में गंभीर चोटें आईं और लगातार खून बहने लगा। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी हालत बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई।

*आरोपी समीर गिरफ्तार, सबूत मिटाने का भी आरोप*

मामले में मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी मोहम्मद समीर को उसके जौनपुर स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि छात्रा की तबीयत बिगड़ने और ब्लीडिंग शुरू होने के बाद आरोपी उसे मदद दिलाने के बजाय मौके से फरार हो गया। पुलिस का आरोप है कि उसने साक्ष्य छिपाने की नीयत से पीड़िता का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले जाकर छिपा दिया था।

*एडीसीपी लिपि नाग्याच ने दी जानकारी*

एडीसीपी लिपि नाग्याच ने बताया कि छात्रा का शव मिलने के बाद सारनाथ थाने में मुकदमा अपराध संख्या 318/26 दर्ज किया गया था। शुरुआती स्तर पर अबॉर्शन पिल के सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऐसी किसी बात की पुष्टि नहीं हुई है।

उन्होंने बताया कि रिपोर्ट में न तो गर्भावस्था और न ही अबॉर्शन पिल के सेवन का कोई उल्लेख है। पोस्टमार्टम के निष्कर्षों के आधार पर मामले में दुष्कर्म और साक्ष्य मिटाने सहित अन्य संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस अब सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

*बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला था शव*

गौरतलब है कि जेएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा सारनाथ क्षेत्र में रहकर एक निजी नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। उसका शव बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर पड़ा मिला था। छात्रा के निजी अंगों से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। हॉस्टल में बिजली का काम करने पहुंचे एक इलेक्ट्रीशियन ने शव देखा और इसकी सूचना अन्य लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

शुरुआत में छात्रा को अबॉर्शन पिल खिलाए जाने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

No comments:

Post a Comment