वाराणसी। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने शनिवार को सर्किट हाउस में नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने शहर के विकास, स्वच्छता, जल निकासी और विद्युत आपूर्ति पर जोर देते हुए कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री शर्मा ने आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नालों की सफाई कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या किसी भी स्थिति में उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए नगर निगम और जलकल विभाग को समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सड़क और शहरी सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सड़कों के किनारे इंटरलॉकिंग कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने का आदेश दिया। अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
सीएम ग्रिड योजना और वैश्विक नगरोदय योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से वाराणसी के विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभाव धरातल पर स्पष्ट दिखना चाहिए और बनारस को एक आधुनिक एवं व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।
ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने विद्युत ट्रिपिंग की समस्या पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वाराणसी के किसी भी क्षेत्र में ट्रिपिंग की समस्या स्वीकार्य नहीं है और इसे तत्काल दुरुस्त किया जाए। उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा। इसके अतिरिक्त, अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में मंत्री ने उपभोक्ता हितों को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक किलोवाट तक के विद्युत कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन नेगेटिव बैलेंस होने पर भी नहीं काटा जाएगा। साथ ही, दो किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को अधिकतम 200 रुपये तक की रियायत प्रदान की जाएगी।
मंत्री ने निर्देशित किया कि किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन काटने से पूर्व अनिवार्य रूप से पांच चरणों में एसएमएस अलर्ट भेजे जाएं। रविवार एवं अन्य सार्वजनिक अवकाशों पर भी विद्युत आपूर्ति बाधित न की जाए। बैठक में मेयर अशोक तिवारी, एमडी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम शंभू कुमार, नगर विकास हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment