बरेली में 24 और 25 अप्रैल को उर्स ताजुश्शरिया तथा 25 से 27 अप्रैल तक होमगार्ड्स इनरोलमेंट परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक यातायात एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान लाखों जायरीन और हजारों परीक्षार्थियों के आगमन की संभावना के कारण शहर की यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं।
24 अप्रैल दोपहर 3 बजे से 25 अप्रैल रात 12 बजे तक मिनी बाईपास, झुमका तिराहा और मथुरापुर की ओर जाने वाले सभी चार पहिया वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा और टेम्पो पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। वाहन चालकों को इन मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
शहर में भारी वाहनों का प्रवेश सीमित कर दिया गया है। रामपुर, मुरादाबाद, नैनीताल, पीलीभीत, बदायूं और लखनऊ से आने-जाने वाले ट्रकों और बसों को बड़ा बाईपास, विल्वा, विलयधाम, फरीदपुर और बुखारा मोड़ जैसे बाहरी मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
24 और 25 अप्रैल को पुराना रोडवेज बस स्टैंड पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि में सभी रोडवेज बसें सैटेलाइट बस स्टैंड से संचालित होंगी। दिल्ली और रामपुर से आने वाली बसों का मार्ग भी बदलकर झुमका तिराहा-विल्वा-डेलापीर-सैटेलाइट किया गया है।
इसके अतिरिक्त, कुदेशिया अंडरपास, श्यामतगंज, पटेल चौक, किला, चौपला और कुतुबखाना जैसे कई प्रमुख शहर मार्गों पर ई-रिक्शा और ऑटो के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध रहेगा।
होमगार्ड परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को यातायात जाम से बचने के लिए समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से सीबीगंज, मिनी बाईपास, किला क्रॉसिंग और बिहारीपुर क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने को कहा गया है।
बरेली कॉलेज परीक्षा केंद्र पर भीड़ नियंत्रण के लिए परीक्षार्थियों के लिए पश्चिमी गेट और स्टाफ के लिए पूर्वी गेट से प्रवेश की व्यवस्था की गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों से उर्स में भारी भीड़ को देखते हुए सहयोग करने, वैकल्पिक मार्ग अपनाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
No comments:
Post a Comment