सुन्नी बरेलवियों की आस्था के केंद्र आला हजरत खानदान के 8वें उर्से ताजुश्शरिया को लेकर शहर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। दुनियाभर से आने वाले जायरीनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
कोतवाली पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए बिहारीपुर ढाल से लेकर मलूकपुर चौकी और आजमनगर जैसे संवेदनशील इलाकों में ड्रोन उड़ाकर छतों की निगरानी की। इस दौरान छतों पर रखे ईंट-पत्थरों की जांच की गई और संबंधित मकानों को चिन्हित किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
*सुरक्षा और सुविधा के कड़े बंदोबस्त*
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि उर्से ताजुश्शरिया के साथ-साथ होमगार्ड भर्ती परीक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा चक्र तैयार किया गया है। नगर निगम ने जायरीनों की सुविधा के लिए अस्थाई टॉयलेट और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए शहर में तीन दिनों तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण पाबंदी लगा दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही सीसीटीवी और ड्रोन से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
*वालंटियर्स को सौंपी गई जिम्मेदारी*
उर्स के सफल आयोजन के लिए जामियातुर्रज़ा में वालंटियर्स की अहम बैठक संपन्न हुई। उर्स प्रभारी सलमान मियां और जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां ने वालंटियर्स को पहचान पत्र वितरित किए। बैठक में जोर दिया गया कि जायरीनों की सेवा और अनुशासन बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। वालंटियर्स को निर्देशित किया गया है कि वे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करें। ताकि भीड़ प्रबंधन में कोई चूक न हो।
*सेवा और समर्पण का संकल्प*
कोर टीम के सदस्य डॉ. मेहंदी हसन और शमीम अहमद ने कहा कि उर्स के दौरान हर जायरीन को बेहतर मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में मौलाना ज़ैद मरकज़ी, हाफिज इकराम और मोइन खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment