उत्तर प्रदेश में इन दिनों झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है. भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. यूपी के वाराणसी में आकाश से आग की तरह बरसती तीखी धूप का कहर गुरुवार को और भी प्रचंड देखने को मिल रहा है. तापमान के 43.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचते ही वायुमंडल मानो धधक उठा, आग की भट्ठी में बदल चुके वातावरण में बाहर निकलना मुश्किल था. प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान प्रयागराज जिले में 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. धूप की तपिश लगातार बढ़ रही है. लोग धूप से बचने के लिए घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं.
*यूपी के इन जिलों में हीट वेव की चेतावनी*
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को भी उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की है. वहीं 18 जिलों में रात में गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में दिन में तो भीषण गर्मी पड़ेगी ही रात में भी भीषण गर्मी रहने की संभावना है. वहीं, शनिवार को और अधिक भीषण गर्मी पड़ सकती है. यूपी में भीषण गर्मी का कहर जारी है, जहाँ तापमान लगातार छठे दिन 43.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुँच गया, शहर प्रदेश में तीसरा और देश में छठा सबसे गर्म स्थान रहा, मौसम विभाग ने रविवार तक ऐसी ही स्थिति रहने का अनुमान लगाया है.
*सूरज की तपन से धधक रहा बनारस*
सूरज की तपन से बनारस का कण-कण भभक उठा है, बीच में एक दिन को छोड़ दें तो गुरुवार को छठें दिन भी अधिकतम तापमान 43 के पार रहा, हाल यह कि दहकता बनारस प्रदेश में तीसरा तो पूरे देश में छठां सबसे गर्म शहर रहा और राजस्थान के सबसे रेतीले रेगिस्तान द ग्रेट डिजर्ट थार के केंद्र जैसलमेर को भी पीछे छोड़ दिया. हाल यह कि वातावरण की गर्मी और धूप देह का पानी सोखती रही। हलक सूखते रहे, मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी रविवार तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा.
*सुबह से बरस रही सूरज की आग*
गुरुवार की सुबह से ही सूरज की किरणें आग बरसाने लगी थीं, सुबह 10 बजते-बजते बाहर की ओर देखने पर आंखें चौंधियाने लगी थीं. दोपहर के ढाई बजते-बजते बीएचयू क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस ऊपर 43.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक 24.5 रहा.
No comments:
Post a Comment