वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था उच्चस्तर पर तैयार की जा रही है. इस बार खास बात यह है कि पूरे कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा की कमान केवल महिला पुलिस कर्मियों को सौंपी गई है, जो अपनी दक्षता, सजगता और अनुशासित कार्यशैली के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी. पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी वाराणसी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल, पार्किंग व्यवस्था और वीवीआईपी रूट का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान प्रवेश और निकास द्वार, मंच क्षेत्र, बैठक व्यवस्था, वीवीआईपी मूवमेंट एरिया और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की गई.
*बीएलडब्ल्यू से चौकाघाट तक का निरीक्षण*
अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा स्थापित करने, प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच सुनिश्चित करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए. इसके साथ ही अधिकारियों, अतिथियों और आम आगंतुकों के लिए अलग-अलग पार्किंग जोन निर्धारित किए गए हैं, जहां स्पष्ट साइन बोर्ड और दिशा सूचक संकेतक लगाए जाएंगे.
वीवीआईपी रूट बीएलडब्ल्यू से चौकाघाट तक का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग, प्रभावी डायवर्जन प्लान और पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं. आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रसारित की जाएगी.
*सुरक्षा घेरा स्थापित करने के निर्देश*
कार्यक्रम स्थल पर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा स्थापित करने के निर्देश दिए गए. प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार जांच सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया. संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए.
इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त रोहनियां संजीव कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. प्रशासन ने सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया है.
No comments:
Post a Comment