5/01/2026

यूपी का सबसे ठंडा शहर बना 'वाराणसी', 24 घंटे में पारा 11 डिग्री सेल्सियस तक गिरा; लोगों को राहत


वाराणसी। एक दिन पूर्व 109 किमी प्रति घंटा के वेग से आई आंधी और कुल 11.4 मिमी वर्षा के बाद गुरुवार की सुबह भी तेज गरज के साथ पड़ी हल्की फुहारों ने 0.5 मिमी पानी गिराया। सुबह से दोपहर तक बादलों का साया बना रहा। दोपहर बाद धूप खिली लेकिन उसमें नरमाहट बनी रही।

वर्षा के चलते मौसम में पर्याप्त आर्द्रता से तापमान में तेजी से गिरावट आई और 24 घंटे में अधिकतम तापमान ने 11.3 डिग्री सेल्सियस का गोता लगाया। यह सामान्य से लगभग 10 डिग्री नीचे 30.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे 22.8 पर रहा और बनारस का मौसम पूरे प्रदेश में शीतल सुहाना हो गया।

मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि अब शुक्रवार से तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी और अगले तीन-चार दिनों में यह 4-5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ेगा। इसके बाद चार या पांच मई के बाद फिर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आएगा और बादल बुन्नी का वातावरण बनेगा। इस तरह अगले सप्ताह में भी लू के प्रचंड कहर से राहत मिलने की पूरी संभावना है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ स्थित आंचलिक कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मध्य क्षोभमंडल में उत्तरी पाकिस्तान एवं संलग्न जम्मू कश्मीर के आसपास चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ संकेंद्रित था तथा निम्न क्षोभमंडल में पूर्वी उत्तर प्रदेश पर चक्रवाती परिसंचरण बन गया था। इससे होते उड़ीसा तक पूर्वी-पश्चिमी द्रोणी बन गई थी।

इसके प्रभाव से आ रही आर्द्र पुरवा हवाओं के मध्य प्रतिक्रिया हुई तो वायुमंडलीय अस्थिरता उत्पन्न हुई। इससे आंतरिक महाराष्ट्र पर बना प्रतिचक्रवाती परिसंचरण टूट गया। इसके चलते प्रदेश के अधिकांश भाग में तेज आंधी-तूफान के साथ वर्षा हुई।

फलत: अधिकतम तापमान में 10-12 डिग्री सेल्सियस की उल्लेखनीय गिरावट आई और यह सामान्य से काफी नीचे चला गया। पिछले सप्ताह टाप फाइव गर्म शहरों में रहने वाला बनारस पूरे प्रदेश में सबसे ठंडे शहर के रूप में दर्ज हो गया।

उधर बाबतपुर क्षेत्र में भी अधिकतम तापमान में बीते 24 घंटे की अपेक्षा 9.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और यह सामान्य से 9.1 डिग्री सेल्सियस नीचे 31.3 पर आ गया। वहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बीच गुुरुवार को 77 से 69 प्रतिशत आर्द्रता बनी रही।

No comments:

Post a Comment