वाराणसी: ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर महिला से ठगी का मामला सामने आया है. भुक्तभोगी को मोटे मुनाफा का लालच देकर साइबर ठगों ने 13.10 लाख रुपये की ठगी कर ली. महिला ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. शारदा विहार कॉलोनी, मीरापुर बसही निवासी पीड़िता स्वाति सिंह ने तहरीर में बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा दिया.
*आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज*
पीड़िता ने अलग-अलग तारीखों में चार किश्तों में 13 लाख 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए. 20 अप्रैल को जब जमा राशि निकालने की कोशिश की तो संबंधित कंपनी ने नए-नए नियमों का हवाला देते हुए भुगतान से इन्कार कर दिया. इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ. पीड़िता ने मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई है. थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
*बकाया दिलाने के नाम 91,997 की साइबर ठगी*
राजातालाब क्षेत्र के मिल्कीचक निवासी विपिन कुमार को भी अपराधी ने ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाया. साइबर ठग ने मजदूरी का बकाया भुगतान दिलाने के नाम पर लिंक भेजकर उनके खाते से 91,997 रुपये निकाल लिए. पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है. विपिन कुमार पेशे से पेंटर है. तहरीर में बताया कि एक स्थान पर उनकी मजदूरी के 12 हजार रुपये बकाया थे. 29 अप्रैल को मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से काल आई.
फोन कॉल करने वाले ने कहा कि बकाया राशि फोन पे से भेज दी जाएगी. कुछ देर बाद उनके वाट्सएप पर 12 हजार रुपये भेजने का स्क्रीन शॉट भी आया. पीड़ित ने जब अपना बैंक खाता चेक किया तो पैसा नहीं पहुंचा था. इस पर उन्होंने दोबारा उसी नंबर पर संपर्क किया. आरोपी ने उन्हें एक लिंक भेजते हुए कहा कि उस पर क्लिक कर रकम ले लें. जैसे ही विपिन ने लिंक पर क्लिक किया उनके खाते से चार बार में कुल 91,997 रुपये कट गए. पीड़ित ने बैंक पहुंचकर खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, जहां रकम निकालने की पुष्टि हुई. उन्होंने राजातालाब थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है. थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.
No comments:
Post a Comment