वाराणसी में व्यापारी मनीष सिंह हत्याकांड के विरोध में प्रस्तावित न्याय जुलूस को लेकर पुलिस ने कड़ा पहरा लगा दिया है। हत्या के बाद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित परिजनों ने जुलूस निकालने का ऐलान किया है, जिसके बाद प्रशासन ने घमहापुर क्षेत्र की सीमाएं सील कर दी हैं।
पुलिस ने पहले परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति को देखते हुए सुबह से ही मनीष सिंह के घर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जुलूस में शामिल होने वाले लोगों को घरों में ही नजरबंद किया गया है।
*10 किलोमीटर का इलाका किया गया लॉक*
कई गांवों से सैकड़ों लोगों के शामिल होने की आशंका को देखते हुए लगभग 10 किलोमीटर के क्षेत्र को संवेदनशील मानते हुए लॉकडाउन जैसी स्थिति लागू कर दी गई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 3 IPS और 8 PPS अधिकारियों समेत 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पूरे इलाके में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। बाबतपुर बाजार में पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार खुद फोर्स के साथ लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं।
*पांच आरोपियों के घर बुलडोजर चलाने की तैयारी*
मनीष हत्याकांड में पांच आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलेगा। तहसील प्रशासन ने कार्रवाई में जुट गया है। सीमांकन के दौरान चार आरोपियों के पक्के मकान नवीन परती में तो एक ने घूर गड्ढे में बनाया है। तहसीलदार कुलवंत सिंह के नेतृत्व में घमहापुर में आरोपियों के बने मकानों की गोपनीय जांच की गई।
मनीष, आशीष, दीपक व हरिश्चंद्र राजभर का घर नवीन परती में बना मिला। अजय राजभर ने घूर गड्ढे के लिए आरक्षित जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान बनाया है। जांच में पुष्टि के बाद बेदखली की प्राथमिकी दर्ज कर नोटिस जारी किया गया है।
एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि पूरी प्रक्रिया अपनाने के साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ भी की जाएगी। उधर, मनीष की पत्नी अंकिता व परिजन पुलिस के मुठभेड़ से संतुष्ट नहीं है। अंकिता ने प्रशासन को वादा याद दिलाया कि क्षेत्रीय विधायक व पुलिस प्रशासन ने कड़ी सजा के साथ काउंटर करने की बात कही थी।
*50 हजार के इनामियों को शरण देने वाले चार आरोपी गिरफ्तार*
मनीष हत्याकांड में 50 हजार के इनामी आरोपियों को शरण देने वाले चार अन्य को फूलपुर पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों को कोर्ट ने जेल भेज दिया। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों में दानगंज कपिसा निवासी शिवचंद प्रसाद, घमहापुर निवासी मुकुंद लाल राजभर, करखियांव फूलपुर निवासी किशन और पुरा रघुनाथपुर बाबतपुर निवासी गणेश कुमार राजभर हैं। अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 50-50 हजार के इनामी तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच और फूलपुर पुलिस दबिश दे रही है।
No comments:
Post a Comment