वाराणसी: बारात में झगड़े के बाद युवक की पीट-पीट कर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई. घटना सिंधोरा थाना क्षेत्र में हुई. युवक को बारात से लौटते समय आरोपी युवकों ने पत्थर से सिर और चेहरा कूंच दिया. इसके बाद सड़क किनारे शव फेंककर फरार हो गए. बुधवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को जानकारी दी. इस दौरान आसपास के लोगों ने युवक की पहचान रोहित राजभर (25) के रूप में की. वह मूल रूप से चंदवक थाना क्षेत्र का रहने वाला था. इन दिनों रोहित अपने ननिहाल कस्तमपुरा (सारनाथ) में रह रहा था. हत्या की सूचना पर परिजनों के साथ आसपास के ग्रामीण पहुंचे. सभी ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया.
*हमलावरों ने रोहित को लाठी-डंडों से पीटा*
परिजनों ने बताया कि रोहित 5 मई को एक बारात में गया था, जहां उसका किसी से विवाद हो गया था. रात में जब वह वापस लौट रहा था, तभी बसंतपुर (चकदुल्ला) के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया. आरोप है कि हमलावरों ने रोहित को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और उसकी बाइक भी तोड़कर फरार हो गए.
*सड़क किनारे पड़ा मिला शव*
बुधवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि रोहित का शव सड़क किनारे पड़ा है. सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे. गुस्साए परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. इससे यातायात बाधित हो गया और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई.
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. मृतक रोहित के भाई किशन राजभर ने इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई है. तहरीर में किशन राजभर ने कहा- मेरे भाई की हत्या साजिश के तहत की गई है. घटना से पहले रोहित को वाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए कई बार धमकियां मिल चुकी थीं. पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है. जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर लिया जाएगा.
No comments:
Post a Comment