5/05/2026

सड़क पर अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम सख्त नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल का सख्त एक्शन: नाली जाम और सड़क घेरने पर 50 हजार का जुर्माना.


वाराणसी में सड़क पर अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। निरीक्षण के दौरान नाली जाम करने और सड़क पर गिट्टी-बालू गिराकर आवागमन बाधित करने के आरोप में दो लोगों पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने वरुणापार क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए रैना विला रोड पर यह कार्रवाई की। उन्होंने मौके पर ही निर्माण सामग्री हटाने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि आदेश का पालन न करने पर संबंधितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त भक्ति नगर क्षेत्र भी पहुंचे, जहां नालों की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। हालांकि, सफाई के बाद निकाला गया कूड़ा और सिल्ट सड़क किनारे पड़े होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि नाला सफाई के 24 घंटे के भीतर हर हाल में सिल्ट का उठान सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी की समस्या न हो और आम जनता को राहत मिल सके।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

No comments:

Post a Comment