वाराणसी में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षामित्रों के बढ़े हुए मानदेय के चेक वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन गिरिजा देवी संकुल, चौकाघाट में किया गया। कार्यक्रम में गोरखपुर के गुरु गम्भीराथ प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य आतिथ्य वाले समारोह का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित शिक्षामित्रों और जनसमूह ने उत्साहपूर्वक देखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर अनिल राजभर ने शिक्षामित्रों और शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि वे देश के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने मानदेय वृद्धि को शिक्षामित्रों के मनोबल को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।
रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे कार्य सराहनीय हैं और शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि उनके सम्मान और आत्मसम्मान से जुड़ा अहम निर्णय है।
कार्यक्रम में एमएलसी धर्मेंद्र सिंह और विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने भी शिक्षामित्रों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए इस निर्णय को प्रेरणादायक बताया।
समारोह के अंत में शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीक स्वरूप डमी चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
No comments:
Post a Comment