5/08/2026

सिगरा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में मिली अनियमितताएं, निर्माण एजेंसी पर ₹5 लाख का जुर्माना


वाराणसी। शहर के सिगरा क्षेत्र में निर्माणाधीन कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर नगर निगम प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को परियोजना स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया, जहां गुणवत्ता और तय मानकों की अनदेखी पाए जाने पर कार्यदायी संस्था पर ₹5 लाख का जुर्माना लगाया गया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने निर्माण स्थल की व्यवस्थाओं और कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई। जांच में पाया गया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा था। मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को फटकार लगाते हुए महापौर ने साफ कहा कि विकास परियोजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने तकनीकी निरीक्षण के बाद तत्काल प्रभाव से संबंधित संस्था पर पांच लाख रुपये का अर्थदंड लगाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही कॉम्प्लेक्स के लेआउट और निर्माण प्रगति की भी समीक्षा की गई।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि सिगरा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स शहर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है और इसे आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है। ऐसे में निर्माण गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अभियंता समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment