5/08/2026

जन समस्या : चार महीने से उखड़ी पड़ी गलियां, खुद चंदा कर मरम्मत कराने को मजबूर लोग


वाराणसी, वार्ड नंबर 23 के सिर क्षेत्र में सीवर पाइप लाइन बिछाने के नाम पर दिसंबर माह में खोदी गई गलियों का हाल बदहाल बना हुआ है। आरोप है कि विभाग द्वारा गलियों को खोदकर केवल सीवर पाइप रख दिया गया, लेकिन उसके बाद मरम्मत कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और क्षेत्रीय पार्षद को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। लगभग चार महीने बीत जाने के बाद भी गलियों में रोड़े और मलबा पड़ा हुआ है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है।
शादी-विवाह के सीजन में हालात और भी खराब हो गए हैं। स्थानीय निवासी परेशान होकर अब खुद पैसे लगाकर गलियों की मरम्मत कराने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि यदि विभाग के पास बजट नहीं था तो सही-सलामत गलियों को तोड़ा ही क्यों गया। अधूरा कार्य छोड़ देने से क्षेत्रवासियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द समस्या का समाधान कर गलियों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

No comments:

Post a Comment