वाराणसी :मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने साफ निर्देश दिए हैं कि शहर के सभी छोटे-बड़े नाले, सीवर और गलीपिट हर हाल में मानसून से पहले साफ किए जाएं।
सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में हुई समीक्षा बैठक में महापौर ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने 15 दिनों के भीतर गलीपिटों की सफाई और मरम्मत पूरी करने का अल्टीमेटम दिया है।
महत्वपूर्ण निर्देश:
▪️ छोटे नालों और गलीपिट की सफाई की जिम्मेदारी सामान्य विभाग को
▪️ सीवेज लाइन और जाम सीवर की सफाई जलकल विभाग करेगा
▪️ सुपर सकर मशीनों से सीवर जाम की समस्या दूर की जाएगी
▪️ नालों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश
महापौर ने अब तक साफ किए गए नालों की पूरी सूची तलब की है और कहा है कि सोमवार सुबह 7:30 बजे से वे खुद शहर के अलग-अलग इलाकों में जाकर नाला सफाई कार्य का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने साफ कहा कि “कागजों पर सफाई दिखाने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भी अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर युद्धस्तर पर सफाई और मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, ओपी सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment