वाराणसी: लालपुर-पांडेयपुर थाना परिसर सोमवार को भावनाओं, सम्मान और आत्मीयता का केंद्र बन गया, जब नवागत थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अतुल सिंह का जोरदार स्वागत किया गया और स्थानांतरित होकर फूलपुर थाना प्रभारी बने इंस्पेक्टर राजीव सिंह को भावभीनी विदाई दी गई।
थाना परिसर में क्षेत्रीय जनता, पुलिसकर्मियों और शुभचिंतकों की भारी मौजूदगी रही। लोगों ने फूल-मालाओं और शुभकामनाओं के साथ दोनों अधिकारियों के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। इस दौरान माहौल बेहद भावुक नजर आया और कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
इंस्पेक्टर राजीव सिंह के कार्यकाल को याद करते हुए लोगों ने कहा कि उन्होंने अपने व्यवहार, कार्यशैली और सख्त लेकिन संवेदनशील पुलिसिंग से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा। आमजन से उनके जुड़ाव और समस्याओं के त्वरित समाधान की लोगों ने खुलकर सराहना की।
वहीं नवागत थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अतुल सिंह ने जनता के स्नेह और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराध और अव्यवस्थाओं पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
दोनों अधिकारियों ने नई जिम्मेदारियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए पूरी निष्ठा से कार्य करने का भरोसा दिया। थाना परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में सम्मान, अपनापन और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला।
No comments:
Post a Comment