5/14/2026

संकट


वाराणसी: अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा अमित कुमार घोष की अध्यक्षता में बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वाराणसी और मिर्जापुर मंडल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारियों ने भाग लिया।



बैठक में चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के 90 निर्धारित मानकों के आधार पर वाराणसी और मिर्जापुर मंडल की चिकित्सा इकाइयों की समीक्षा की गई। पूर्वांचल के प्रतिष्ठित एसपीजी डिवीजनल हॉस्पिटल ने प्रदर्शन के मामले में अग्रणी स्थान प्राप्त किया।


अपर मुख्य सचिव ने वर्तमान तेल संकट को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को पेट्रोल-डीजल की बचत करने तथा अधिक से अधिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” मनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।


बैठक में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, पोषण मेला, पोषण जागरूकता अभियान और जल संरक्षण जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को भोजन में वसा का कम उपयोग करने और संतुलित आहार के लिए डाइटिशियन से परामर्श लेने की सलाह भी दी गई।


बैठक में अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ नरेंद्र देव शर्मा, सीएमओ डॉ राजेश प्रसाद, एसएसपीजी के सीएमएस डॉ बृजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी ऑनलाइन मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment