वाराणसी में इन दिनों मौसम उमस भरा बना हुआ है। सुबह हल्की धूप के बाद दोपहर में तेज गर्मी महसूस की जा रही है, जबकि शाम के समय बादलों की आवाजाही से मौसम में कुछ राहत मिल रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
फरवरी जैसी गुलाबी ठंड से शुरू हुआ मई का महीना अगस्त जैसी आंधी-बारिश के साथ समाप्त होने जा रहा है। बारिश की संभावना के चलते अलर्ट जारी होने से एक दिन पहले ही काशी का अधिकतम तापमान 4-5 डिग्री तक नीचे लुढ़क गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सिर्फ 1.3 डिग्री अधिक था। पिछले दिनों तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 28, 29 और 30 मई को आंधी के साथ तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ स्थित यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने 29 और 30 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बुधवार को दिनभर तीखी और चुभती धूप रही, लेकिन शाम होते-होते 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने लगीं। शाम पांच बजे तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस था, जो शाम सात बजे तक चार डिग्री गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिनभर कई बार बादल भी छाए रहे।
*सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक धूप में काम नहीं करेंगे श्रमिक*
वाराणसी मंडल में श्रमिक अब सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक खुले स्थानों पर काम नहीं करेंगे। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए श्रम विभाग ने आदेश जारी किया है, जिसके तहत सभी नियोक्ताओं को विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उप श्रम आयुक्त डॉ. महेश कुमार पांडेय ने बताया कि तापमान को ध्यान में रखते हुए श्रमिकों के कार्य समय और शिफ्ट में तत्काल प्रभाव से बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं।
No comments:
Post a Comment