5/07/2026

नगर निगम की ओर से गुरुवार को चितईपुर और कैंट के अलावा वरूणा पार इलाके से अतिक्रमण के खिलाफ तगडा अभियान चलाया

वाराणसी: नगर निगम की ओर से गुरुवार को चितईपुर और कैंट के अलावा वरूणा पार इलाके से अतिक्रमण के खिलाफ तगडा अभियान चलाया जा रहा है. अतिक्रमण हटाने के साथ नगर निगम की ओर से लैंडबैंक बढ़ाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. अब तक 550 बीघे सरकारी जमीन से कब्जा हटवाया जा चुका है. पिछले दिनों हुए सर्वे में 1400 बीघे से अधिक सरकारी जमीनों को चिह्नित किया गया था. पहले उन जमीनों से कब्जा हटवाया जाएगा, जहां कोई विवाद नहीं है. टीन शेड लगाकर कब्जा करने वालों को हटवाया जाएगा.

*जमीन से कब्जा हटवाकर*

कब्जा हटवाने के बाद जमीन को तारों से घेरकर नगर निगम अपना बोर्ड लगाएगा. इनका इस्तेमाल सरकारी योजनाओं के विकास में किया जाएगा. इन पर कम्युनिटी सेंटर, बरातघर, पार्क आदि का विकास किया जाएगा. इन पर बीते कई वर्षों से लोगों का कब्जा है. इनकी कीमत तकरीबन 700 करोड़ रुपये के आसपास होगी. कुछ जमीन से कब्जा हटवाकर वहां पिलर लगाए गए हैं. कुछ जगहों पर निगम ने अपना बोर्ड और तारों का घेरा बनवाकर इसे पूरी तरह से अपनी संपत्ति घोषित कर दिया है.

*1300 बीघे से अधिक सरकारी जमीन पर कब्जा*

नवविस्तारित इलाकों के सर्वे में 79 गांव ऐसे मिले हैं, जहां पर 1300 बीघे से अधिक सरकारी जमीन पर कब्जा था. लंबे वक्त से ग्राम सभाओं का वर्चस्व होने के कारण लोगों ने मनमाने तरीके से कब्जा करके रखा था. सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि नगर निगम की ओर से सरकारी जमीन से कब्जा हटवाया जा रहा है. इसे नगर निगम की ओर से विकास कार्य कराए जाएंगे.नगर निगम के इस बुल्‍डोजर कार्रवाई से इलाके में अफरा तफरी की स्थिति देखी जा रही है. इस दौरान बडी संख्‍या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई.

*कैंट स्‍टेशन पर रेलवे ने चलाया अभियान*

उत्तर रेलवे के वाराणसी जंक्शन स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल, स्वास्थ्य एवं यातायात निरीक्षकों तथा सीईओ केंटोनमेंट द्वारा नियुक्त की गई संयुक्त टीम द्वारा वाराणसी कैंट जंक्शन स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार के बाहर अवैध रूप से खड़े होने वाले ठेलों एवं अतिक्रमण को हटाया गया.

इस संबंध में स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता एवं सीईओ केंटोनमेंट सत्यम मोहन ने संयुक्त अभियान चलाए जाने के लिए रणनीति बनाई थी जिसमें कैंटोनमेंट क्षेत्र के अधिकार क्षेत्र में आने वाले भूखंड पर चल रहे अवैध ठेले और अतिक्रमण को आज विशेष दस्ते का सहयोग लेकर इस प्रक्रिया के तहत क्रियान्वित किया गया.

अवैध ठेलों के खड़े रहने से जहां एक और स्टेशन का मार्ग अवरुद्ध होता था तो दूसरी और उनके द्वारा फैलाए जा रहे कचरे से सफाई प्रबंधन में भी बाधा उत्पन्न होती थी जिस से यात्रियों को असुविधा के साथ साथ रेल एवं कैंटोनमेंट प्रशासन दोनों की छवि भी धूमिल होती थी. इसका संज्ञान लेते हुए जनहित एवं यात्री सेवा को सर्वोपरि रखते हुए यह आवश्यक कार्यवाही आज सफलतापूर्वक सम्पन्न की गई.

No comments:

Post a Comment