5/07/2026

कैंट रेलवे स्टेशन पर देर रात एक बड़ा हादसा हो गया. प्लेटफार्म नंबर 5 पर राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से ट्रेन मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गए.

वाराणसी: कैंट रेलवे स्टेशन पर देर रात एक बड़ा हादसा हो गया. प्लेटफार्म नंबर 5 पर राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से ट्रेन मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के आला अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

*डॉक्टरों की निगरानी में घायल का इलाज*

जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 20503 राजधानी एक्सप्रेस निर्धारित समय से देरी से बुधवार देर रात करीब 2 बजकर 19 मिनट पर वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 5 पर पहुंची थी. इसी दौरान ट्रेन के रुकने के समय ट्रेन मैनेजर पंकज कुमार श्रीवास्तव अचानक ट्रेन की पिछली बोगी के नीचे रेलवे ट्रैक की तरफ चले गए और राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए. हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों में हड़कंप मच गया. तत्काल रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने घायल ट्रेन मैनेजर को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से ट्रॉमा सेंटर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.

सूत्रों के अनुसार हादसे में ट्रेन मैनेजर पंकज कुमार श्रीवास्तव का दाहिना हाथ गंभीर रूप से चोटिल हो गया है, जिसे काटने की नौबत आ गई. फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और चिकित्सकों से घायल कर्मचारी की स्थिति की जानकारी ली. रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है कि आखिर ट्रेन मैनेजर अचानक ट्रैक के नीचे कैसे पहुंचे.

*घटनाक्रम की जांच में जुटा पुलिस प्रशासन*

हादसे के बाद राजधानी एक्सप्रेस करीब 36 मिनट तक प्लेटफार्म नंबर 5 पर खड़ी रही. परिचालन विभाग ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए दूसरे ट्रेन मैनेजर एमजी खान को ड्यूटी पर लगाया, जिसके बाद रात 3 बजकर 3 मिनट पर ट्रेन को रवाना किया गया. रेलवे स्टेशन पर देर रात हुए इस हादसे के बाद कर्मचारियों में भी चिंता का माहौल देखने को मिला. फिलहाल रेलवे प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटा हुआ है.

No comments:

Post a Comment