5/07/2026

जनगणना-2027 का शुभारंभ, पहली बार होगी डिजिटल और जातीय गणना


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को जनगणना-2027 के प्रथम चरण का औपचारिक शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में ‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’ के संकल्प के साथ मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य शुरू किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गिनती नहीं, बल्कि समग्र और समावेशी विकास की मजबूत नींव है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि सभी लोग जनगणना में सक्रिय सहभागिता करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं।

07 से 21 मई तक मिलेगा स्वगणना का विकल्प
इस बार आमजन को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा दी गई है। 7 मई से 21 मई 2026 तक लोग ऑनलाइन स्वगणना कर सकेंगे। इसके बाद जनगणना कार्मिक घर-घर जाकर डेटा संग्रह करेंगे।

*पहली बार पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना*

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में पहली बार डिजिटल जनगणना कराई जा रही है। इस बार जातीय गणना और वन ग्रामों को भी जनगणना प्रक्रिया में शामिल किया गया है।

5.47 लाख कार्मिक करेंगे कार्य
करीब 25 करोड़ 70 लाख आबादी वाले उत्तर प्रदेश में जनगणना कार्य के लिए 5.47 लाख कार्मिक तैनात किए गए हैं। इनमें 4.50 लाख प्रगणक, 85 हजार सुपरवाइजर और 12 हजार अधिकारी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सटीक जनगणना से ही विकास योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जा सकेगा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचेगा।

No comments:

Post a Comment