5/09/2026

दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत शनिवार से बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया गया।सुरक्षा के लिए ड्रोन निगरानी और भारी फोर्स तैनात थी


वाराणसी:दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत शनिवार से बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू हो गया। सुबह बुलडोजर और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। प्रशासन ने तीन दिनों के भीतर 45 चिन्हित भवनों को गिराने का लक्ष्य तय किया है।

प्रशासन के अनुसार 45 भवनों में 25 भवनों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है, जबकि 20 भवनों को नगर निगम ने जर्जर घोषित किया है। कार्रवाई शुरू होने से पहले संबंधित भवन मालिकों को नोटिस जारी कर खाली करने के निर्देश दिए गए थे।

कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल, पीएसी, अर्धसैनिक बल और ड्रोन निगरानी की व्यवस्था की गई है। यातायात नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग भी की गई है। मौके पर पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, एडीएम प्रशासन, एडीएम सिटी और पुलिस अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता के.के. सिंह ने बताया कि चिन्हित अपंजीकृत और जर्जर भवनों को ध्वस्त किया जा रहा है। वहीं दशाश्वमेध एसीपी अतुल अंजन त्रिपाठी ने कहा कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और अभियान देर शाम तक जारी रहेगा।

ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के चलते दालमंडी बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। कई व्यापारियों ने विरोध स्वरूप अपनी दुकानें बंद रखीं। स्थानीय व्यापारियों में अपने कारोबार और संपत्तियों को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।

दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत अब तक 181 भवनों में से 61 भवनों की रजिस्ट्री पूरी की जा चुकी है। प्रशासन इस परियोजना पर अब तक लगभग 39 करोड़ रुपये वितरित कर चुका है। प्रशासन का दावा है कि सड़क चौड़ीकरण के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा।

No comments:

Post a Comment