5/23/2026

बकरीद पर वाराणसी पुलिस हाई अलर्ट: ड्रोन, CCTV और QRT टीमों के साथ चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर


वाराणसी, 22 मई।* आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। *अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा* ने पुलिस अधिकारियों के साथ मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख मस्जिदों, ईदगाहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों का व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों, पुलिस पिकेट और क्यूआरटी (Quick Response Team) की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी के निर्देश देते हुए कहा है कि व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम या अन्य प्लेटफॉर्म पर अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अपर पुलिस आयुक्त ने नगर निगम, विद्युत विभाग और जल संस्थान के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, यातायात और बैरिकेडिंग की व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन प्लान भी लागू किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी, सार्वजनिक स्थानों पर अवशेष फेंकने, धार्मिक भावनाएं भड़काने या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता भी लगातार चेकिंग करेगा।

इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को हिस्ट्रीशीटरों, अराजक तत्वों और पूर्व में विवाद पैदा करने वाले लोगों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को लगातार भ्रमणशील रहकर आमजन से संवाद स्थापित करने और सुरक्षा का भरोसा दिलाने को कहा गया है।

कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने जनता से अपील की है कि बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या स्थानीय पुलिस को दें।

No comments:

Post a Comment