5/29/2026

DM ने पर्यटन विकास की कतिपय परियोजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार ठीकेदारों पर पेनाल्टी लगाए जाने का दिया निर्देश


वाराणसी। जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की अध्यक्षता में जनपद में पर्यटन विकास से संबंधित परियोजनाओं एवं पर्यटक सुविधाओं के संबंध में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिसमें पर्यटन विभाग द्वारा संचालित परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान कतिपय पर्यटन विकास की परियोजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए तेज गति से कार्य कराकर शीघ्रता से कार्य पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने कुंवार में काली मंदिर का पर्यटन विकास, भैरव नाथ तालाब का पर्यटन विकास, करखियाव में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से संबंधित पर्यटन विकास, विधानसभा अजगरा के अंतर्गत शिव मंदिर का पर्यटन विकास, क्रमेदेश्वर महादेव मंदिर का पर्यटन विकास, माधोपुर स्थित शुलटकेश्वर महादेव मंदिर का पर्यटन विकास आदि कार्यों में हो रहे विलंब पर सख्त निर्देश दिया कि ऐसी सभी लंबित परियोजना, जिसमें अनावश्यक रूप से विलम्ब हुआ है अथवा हो रहा है संबंधित ठीकेदारों के विरूद्ध नियमानुसार पेनाल्टी लगाई जाय। 

  जिलाधिकारी ने लमही स्थित मुंशी प्रेमचंद के आवास को संग्रहालय के रूप में विकसित किये जाने के कार्य में आ रहे कतिपय बाधाओं का अविलंब निराकरण कराकर अपेक्षित कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने गंगा घाटों के पुनर्विकास एवं अस्सी घाट के जीर्णोद्धार कार्य को त्वरित गति से कराए जाने के निर्देश दिए। सारनाथ पर्यटक आवास गृह एवं परेड कोठी स्थित टूरिस्ट बंगलो में पर्यटकों की सुविधाओं के दृष्टिगत कराए जा रहे कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराए जाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सारनाथ स्थित धमेख स्तूप पर लाइट एंड शो के कार्य को शीघ्रता से कराने के साथ ही पर्यटकों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान कपिल धारा मंदिर, गुरुधाम मंदिर, नागा बाबा मंदिर, नमो घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों हेतु पीए सिस्टम एवं स्टेज लाईट का कार्य सहित पर्यटन विकास के अन्य परियोजनाओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में उपस्थित पर्यटन से संबंधित विभिन्न संगठनों ने ई-रिक्शा/टोटो के व्यवस्थित संचालन, गंगा में नावों का व्यवस्थित संचालन एवं प्रमुख स्थलों पर किराये के डिस्प्ले लगाये जाने की बात रखी गई। जिस पर जिलाधिकारी ने नियमानुसार समुचित कार्यवाही किए जाने हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने गंगा घाटों पर मादक पदार्थों के सेवन आदि पर प्रतिबंध हेतु सूचना डिस्प्ले बोर्ड आदि लगाए जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने पड़ रहे भीषण गर्मी के दृष्टिगत जगह-जगह पर पर्यटकों के हिट वेब से बचाव हेतु वाटर एटीएम, वाटर कूलर, धूप से बचने हेतु शेड की व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने के भी निर्देश दिये। काशी नागरी प्रचारिणी सभा की प्रकाशित "नागरी" पत्रिका के व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित कराए जाने हेतु मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार सिंह, यूपी पीसीएल के प्रोजक्ट मैनेजर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पर्यटन से संबंधित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment