वाराणसी ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री A. K. Sharma ने बिजली विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि किसी भी उपभोक्ता का पुराना मीटर हटाकर जबरन स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी कोई शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री शर्मा ने स्पष्ट किया कि इस मामले में अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता जिम्मेदार होंगे, जबकि मुख्य अभियंता पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं का उत्पीड़न किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी उपभोक्ता को परेशानी होती है, तो वह सीधे मंत्री के व्हाट्सएप नंबर पर शिकायत कर सकता है।
गर्मी के मौसम को देखते हुए मंत्री ने बताया कि बिजली विभाग पूरी तरह सतर्क और तैयार है। सभी उपकेंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कराया गया है तथा उन्हें दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। अभियंताओं को नियमित पेट्रोलिंग करने और खराब तारों को तत्काल बदलने का आदेश दिया गया है, ताकि ओवरलोडिंग से उत्पन्न होने वाली समस्याओं से बचा जा सके।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को हर हाल में निर्बाध और पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बिना किसी उचित कारण के बिजली कटौती होने पर संबंधित बिजली अभियंताओं की जवाबदेही तय होगी।
मंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे उपभोक्ताओं से संवाद बनाए रखें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करें। उन्होंने कहा कि विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार और उपभोक्ताओं की संतुष्टि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

No comments:
Post a Comment