वाराणसी। काशी में निर्माणाधीन गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। शनिवार *देर रात बीसीसीआई अधिकारियों ने स्टेडियम का निरीक्षण* कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। करीब *90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा* हो चुका है और स्टेडियम की भव्य आकृति अब साफ तौर पर दिखाई देने लगी है।
स्टेडियम की सबसे बड़ी खासियत इसकी *त्रिशूल थीम पर आधारित आधुनिक फ्लडलाइट्स* हैं, जो रात के समय पूरे परिसर को आकर्षक रोशनी से जगमगा रही हैं। काशी की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को ध्यान में रखकर तैयार की गई यह अनूठी डिजाइन इसे देश के अन्य क्रिकेट स्टेडियमों से अलग पहचान दे रही है।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस यह स्टेडियम भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी करेगा। डे-नाइट मैचों के लिए अत्याधुनिक व्यवस्था की जा रही है, जबकि खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए भी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
निर्माण एजेंसियों ने शेष कार्यों में भी तेजी ला दी है और उम्मीद है कि जल्द ही यह ड्रीम प्रोजेक्ट पूरी तरह तैयार होकर क्रिकेट प्रेमियों को समर्पित किया जाएगा।
गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शुरू होने से न केवल वाराणसी बल्कि पूरे पूर्वांचल के खेल परिदृश्य को नई पहचान मिलेगी। स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं के विकास को नई गति मिलेगी।
*त्रिशूलनुमा फ्लडलाइट्स, विश्वस्तरीय सुविधाएं और डे-नाइट क्रिकेट की तैयारी के साथ गंजारी स्टेडियम अब काशी की नई खेल पहचान बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
No comments:
Post a Comment