6/04/2026

*जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अग्निशमन विभाग ने गुरुवार को सख्त रुख अपनाया होटल क्लार्क समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच, नोटिस जारी करने के निर्देश*


वाराणसी। जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अग्निशमन विभाग ने गुरुवार को सख्त रुख अपनाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) वाराणसी ने शहर के प्रतिष्ठित होटल क्लार्क सहित अन्य होटलों का औचक निरीक्षण कर अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अग्नि सुरक्षा मानकों में कमियां पाई गईं। फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता, उनके संचालन की स्थिति, आपातकालीन निकास मार्गों तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की गहन जांच की गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने जिन होटलों में सुरक्षा व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गईं, उनके प्रबंधकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अग्निशमन अधिकारियों को ऐसे होटल प्रबंधकों को नोटिस जारी करने के लिए निर्देशित किया गया।

अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों, होटलों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग द्वारा आगे भी निरीक्षण अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रतिष्ठानों को फायर सेफ्टी मानकों का पूर्ण पालन करना अनिवार्य है।

No comments:

Post a Comment