वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रदेशभर के 206 पीपीएस (प्रांतीय पुलिस सेवा) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस व्यापक स्थानांतरण सूची में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के कई सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) भी शामिल हैं, जिनकी तैनाती अब अन्य जिलों और कमिश्नरेटों में की गई है। जारी आदेश के अनुसार, ACP विदुष सक्सेना को वाराणसी से स्थानांतरित कर पुलिस उपाधीक्षक शाहजहांपुर बनाया गया है। वहीं ACP अतुल अंजान त्रिपाठी को कमिश्नरेट आगरा भेजा गया है।
इसी क्रम में ACP प्रतीक कुमार को वाराणसी से पुलिस उपाधीक्षक अयोध्या के पद पर तैनात किया गया है। जबकि राजेश कुमार सिंह, जो पहले मुख्यमंत्री सुरक्षा, लखनऊ से वाराणसी कमिश्नरेट के लिए स्थानांतरणाधीन थे, अब उन्हें सहायक पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट लखनऊ नियुक्त किया गया है। इसके अलावा ACP (सुरक्षा) अंजनी कुमार राय को *पुलिस उपाधीक्षक, सचिवालय सुरक्षा लखनऊ तथा ACP अजय कुमार श्रीवास्तव को पुलिस उपाधीक्षक कुशीनगर के पद पर भेजा गया है। सरकार के इस बड़े प्रशासनिक कदम को पुलिस विभाग में कार्यकुशलता बढ़ाने और अनुभवी अधिकारियों की विभिन्न इकाइयों में बेहतर तैनाती सुनिश्चित करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। वाराणसी कमिश्नरेट से कई अधिकारियों के तबादले के बाद अब नई तैनातियों को लेकर चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है। पुलिस विभाग के सूत्रों के मुताबिक, सभी स्थानांतरित अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने नए तैनाती स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेशभर में हुए इस बड़े फेरबदल पर पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों की निगाहें टिकी हुई हैं।
No comments:
Post a Comment