6/04/2026

*BRICS की बैठक, पारंपरिक तरीके से हुआ स्वागत, काशी के जीआई प्रोडक्ट्स की लगाई गई प्रदर्शनी*


BRICS summit in varanasi: ब्रिक्स देशों की संस्कृति कार्य समूह (BRICS Culture Working Group) की दूसरी बैठक वाराणसी में शुरू हो चुकी है। यहां होटल ताज पहुंचे ब्रिक्स देश के सदस्यों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। जिला प्रशासन ने एयरपोर्ट से लेकर होटल ताज तक विभिन्न चौराहा पर काशी की संस्कृति की झलक दिखाने की कोशिश की और इस दौरान काफी संख्या में लोग डिलीगेट्स का स्वागत करते नजर आए। जी-20 समिट के बाद वारामसी में अब ब्रिक्स समूह की बैठक आयोजित की गई है।

*भारत कर रहा मेजबानी*
होटल ताज में गुरुवार को दो दिवसीय ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की बैठक की शुरुआत हो चुकी है। इस बैठक से पहले विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों का काशी में पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया और भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल ने संबोधन से बैठक की शुरुआत की। दरअसल, भारत ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की दूसरी बैठक की मेजबानी कर रहा है और यह आयोजन 5 और 6 जून को वाराणसी मे होटल ताज में किया जाना है।

*होटल ताज में लगाई गई प्रदर्शनी*

बताया जा रहा है कि इस बैठक में भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, ब्राजील और ईरान के प्रतिनिधि शामिल होने के लिए वाराणसी पहुंचे हैं, जबकि इथियोपिया और मिस्त्र देश के प्रतिनिधि हाइब्रिड माध्यम से बैठक में जुड़ेंगे। वहीं, होटल ताज में मेहमानों के खास आकर्षण के लिए काशी के जीआई उत्पाद और ओडीओपी (One District one Product) उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। बताया जा रहा है कि इससे बनारस के शिल्पियों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकते हैं। इसके साथ ही विदेशों में भी उनके खिलौने और आर्ट की डिमांड बढ़ेगी।

*एयरपोर्ट से होटल तक स्वागत*

मेहमानों का लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद खास अंदाज में स्वागत किया गया। काशी के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसके बाद रास्ते में छात्र-छात्राओं ने भी हाथों में ब्रिक्स देशों के झंडे लिए मेहमानों का अभिनंदन किया।जिला प्रशासन ने मेहमानों के लिए खास तौर पर भारतीय संस्कृति की झलक को प्रस्तुत करने की पूरी तैयारी की हुई है। वहीं, होटल ताज में काशी की गुलाबी मीनाकारी, सिल्क उत्पाद, कालीन जैसे पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शनी लगाई गई है। बताया जा रहा है कि इस दौरान विदेशी मेहमान गंगा विहार भी करेंगे और यहां की संस्कृति का भी अवलोकन करेंगे।

No comments:

Post a Comment