6/03/2026

उच्च न्यायालय के यथास्थिति आदेश के उल्लंघन का आरोप, एफआईआर दर्ज कराने की मांग

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बराई डोमनपुर गांव निवासी सुरेश चौहान ने अपनी भूमि को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थी का कहना है कि मौजा बराई स्थित आराजी संख्या 280, 459 एवं 98 से संबंधित मामला लंबे समय से न्यायालय में विचाराधीन है।
सुरेश चौहान के अनुसार उक्त भूमि विवाद को लेकर माननीय इलाहाबाद उच्च न्यायालय में रिट संख्या 17314/1999, समशेर बनाम डी.डी.सी. लंबित है, जिसमें न्यायालय द्वारा 23 अप्रैल 1999 को यथास्थिति बनाए रखने तथा क्रय-विक्रय पर रोक लगाने का आदेश पारित किया गया था।
प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद कुछ लोगों द्वारा विवादित भूमि का क्रय-विक्रय कर उसकी प्रकृति बदलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इससे न्यायालय के आदेश का उल्लंघन हो रहा है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
सुरेश चौहान ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
प्रार्थी ने कहा कि विवादित भूमि शहर के निकट स्थित होने के कारण भूमाफियाओं की नजर उस पर बनी रहती है और समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर स्थिति तनावपूर्ण हो सकती है।
फिलहाल मामले में प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

No comments:

Post a Comment