वाराणसी :- पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक वाराणसी समेत आसपास के जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। इसके चलते भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में बने चक्रवाती परिसंचरण तथा बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं के कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ी है। वहीं पश्चिमी दिशा से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं के साथ इनका मेल होने से आंधी और बारिश की परिस्थितियां बन रही हैं।
लखनऊ मौसम केंद्र के विशेषज्ञों का कहना है कि गुरुवार और शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा। इस दौरान तेज हवा चलने के साथ कहीं-कहीं वर्षा भी हो सकती है। इससे दिन के तापमान में कमी आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि शनिवार से मौसम साफ होने के संकेत हैं, जिसके बाद तापमान दोबारा बढ़ सकता है।
बीएचयू के मौसम विशेषज्ञ प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक गुरुवार दोपहर बाद बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यदि अनुकूल परिस्थितियां बनी रहीं तो यह मौसम दो दिनों से अधिक समय तक भी बना रह सकता है।
बीते दिनों हुई हल्की बारिश के बावजूद बुधवार को तेज धूप ने लोगों को गर्मी का अहसास कराया। हालांकि तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। बीएचयू क्षेत्र में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं बाबतपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों के दौरान तेज हवाओं और बारिश के प्रभाव से तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
No comments:
Post a Comment