6/19/2026

काशी में इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है


वाराणसी :- धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है और राहत के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग ने वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों के लिए अगले पांच से छह दिनों तक भीषण लू (हीट वेव) का रेड अलर्ट जारी किया है।

बृहस्पतिवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहा। इसके साथ ही काशी देश का सातवां सबसे गर्म शहर बन गई। वहीं न्यूनतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बांदा सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया।

सुबह से ही तेज धूप और गर्म पछुआ हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही लू के कारण दोपहर के समय सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया। हवा में नमी का स्तर 42 से 65 प्रतिशत के बीच रहने से उमस भी बढ़ गई, जिससे लोगों को तीखी गर्मी के साथ चिपचिपी बेचैनी का सामना करना पड़ा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पूर्वांचल में मानसून की रफ्तार फिलहाल थमी हुई है और अनुकूल परिस्थितियां विकसित नहीं हो पा रही हैं। उत्तर प्रदेश आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार प्रदेश में केवल छिटपुट मौसमी गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। ऐसे में आगामी दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।

वाराणसी के अलावा गाजीपुर, गोरखपुर और बहराइच सहित पूर्वांचल के कई जिले भी उष्ण लहर की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हुए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य पेय पदार्थों का सेवन करने तथा धूप से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बीच काशीवासियों को अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है, जबकि मानसून की दस्तक के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।

No comments:

Post a Comment