6/19/2026

धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी का 56वां जन्मदिन बेहद अनोखे और श्रद्धापूर्ण माहौल में मनाया गया


वाराणसी। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी का 56वां जन्मदिन बेहद अनोखे और श्रद्धापूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर वाराणसी के कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी को 'भगवान परशुराम' के स्वरूप में चित्रित कर उनका जन्मदिन भव्य तरीके से आयोजित किया।

*फरसा और संविधान: न्याय और रक्षा का प्रतीक*

कार्यक्रम के दौरान जारी की गई तस्वीर में राहुल गांधी को भगवान परशुराम के रूप में दर्शाया गया है, जिसमें उनके एक हाथ में 'फरसा' और दूसरे हाथ में 'संविधान' की प्रति दिखाई दे रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह स्वरूप देश में संविधान की रक्षा, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक है।

*गंगा तट पर वैदिक मंत्रों के साथ अभिषेक*

वाराणसी में मां गंगा की गोद में आयोजित इस कार्यक्रम में ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राहुल गांधी की तस्वीर का दूध से अभिषेक किया गया। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एवं अधिवक्ता विकास सिंह ने बताया कि उन्होंने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से राहुल गांधी के स्वस्थ जीवन और भविष्य में देश के नेतृत्व की कामना की है।
"राहुल गांधी गरीबों और मजलूमों की आवाज हैं"

विकास सिंह ने इस आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा "जिस प्रकार भगवान परशुराम ने धर्म की रक्षा के लिए कार्य किया था, उसी प्रकार राहुल गांधी आज देश में संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। देश में बढ़ती तानाशाही, महंगाई और बेरोजगारी के बीच राहुल गांधी ही गरीबों और मजलूमों की एकमात्र आवाज हैं। यह आयोजन इस बात का संदेश है कि आने वाले समय में वे इसी संकल्प के साथ देश की जनता के कष्टों को दूर करने के लिए सामने आएंगे।"

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से कांग्रेस पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए ब्राह्मण मतदाताओं के बीच अपनी पैठ मजबूत करने और राहुल गांधी को एक सशक्त जन-नायक के रूप में स्थापित करने का प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एवं अधिवक्ता विकास सिंह, अनुरेश सिंह, आशुतोष सिंह, अधिवक्ता दीपक उपाध्याय, अधिवक्ता अखिलेश सिंह, अजहर खान, सुनील मिश्रा और मोहन यादव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment