वाराणसी :- काशी के घाटों पर तैनात राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की सतर्कता से शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। वाराही घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद एनडीआरएफ की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 8:40 बजे वाराही घाट पर ड्यूटी कर रही 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम की नजर गंगा में संघर्ष कर रहे एक युवक पर पड़ी। युवक तेज धारा में फंसकर खुद को संभाल नहीं पा रहा था और लगातार डूबता जा रहा था।
स्थिति को भांपते हुए एनडीआरएफ के जवान बिना देरी किए नदी में उतरे और राहत एवं बचाव उपकरणों की सहायता से युवक तक पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने लाइफ बॉय के जरिए उसे सुरक्षित पकड़कर किनारे तक पहुंचाया।
बचाए गए युवक की पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी 28 वर्षीय पुनीत शर्मा के रूप में हुई है। समय रहते किए गए इस अभियान के चलते युवक को सुरक्षित बचा लिया गया और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने एनडीआरएफ के जवानों की तत्परता और साहस की सराहना की। वहीं एनडीआरएफ अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि गंगा या अन्य जलाशयों में स्नान करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा निर्धारित सीमाओं से आगे न जाएं।
एनडीआरएफ के अधिकारियों ने विशेष रूप से मानसून के मद्देनजर चेतावनी देते हुए कहा कि नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है, ऐसे में अतिरिक्त सावधानी बरतना आवश्यक है।
No comments:
Post a Comment