9/28/2026

समूह सखियों ने मानदेय बढ़ाने समेत सुविधाओं की उठाई मांग


वाराणसी। विकासखंड पिंडरा की विभिन्न ग्राम पंचायतों में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कार्यरत समूह सखियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। समूह सखियों का कहना है कि वे पूरे माह विभिन्न जिम्मेदारियां निभाती हैं, लेकिन शासन स्तर से निर्धारित मात्र 2000 रुपये प्रतिमाह की धनराशि भी कई बार वर्षों बाद कटौती के साथ मिलती है।
उन्होंने बताया कि गरीब महिलाओं को प्रेरित कर स्वयं सहायता समूहों का गठन कराने, सदस्यों के बैंक खाते व बीमा कराने, प्रशिक्षण देने, विभिन्न फार्म भरवाने, आधार के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन कर LOKOS ऐप पर जोड़ने, आधार कार्ड, जॉब कार्ड व आवास संबंधी सूचनाएं ऑनलाइन अपडेट करने, समूह बैठकों में भाग लेने, रजिस्टर लिखवाने तथा आजीविका के लिए ऋण उपलब्ध कराने जैसे कार्य किए जाते हैं। इसके अलावा विकासखंड संकुल व बैंक शाखाओं में लगातार जाकर समूह संबंधी कार्य भी करने पड़ते हैं।
समूह सखियों ने मांग की कि उनका मानदेय बढ़ाया जाए, दुर्घटना एवं स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा दी जाए, कार्य के लिए स्मार्टफोन व मासिक मोबाइल भत्ता उपलब्ध कराया जाए तथा मानदेय सीधे उनके व्यक्तिगत बैंक खातों में भेजा जाए। उन्होंने समूह सखियों को अलग पहचान देने की भी मांग की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुभावती, संगीता, ममता, नीतू राजभर, गुंजन मिश्रा, रीता देवी, शीला देवी, पूनम राजभर, मुन्नी वर्मा, मुन्नी, सबाना-शाबाना, मनीषा कुमारी, सरिता देवी, प्रमिला देवी, पुष्पा मौर्या, पुष्पा, पुष्पा देवी, उषा देव, रिचा देवी और रिंकी मौजूद रही ।

No comments:

Post a Comment