वाराणसी। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और पीड़ितों को आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर अधिवक्ता नित्यानंद राय ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि चाइनीज मांझे की चपेट में आने से कई लोग घायल हो चुके हैं, जबकि कुछ लोगों की जान भी जा चुकी है। 31 दिसंबर 2024 को चौकाघाट फ्लाईओवर पर विवेक शर्मा की मांझे से गर्दन कटने के कारण मौत हो गई थी। इसी दिन पांडेयपुर फ्लाईओवर पर सज्जन कुमार और रेस्टोरेंट संचालक प्रतीक अग्रहरि भी घायल हुए थे।
अधिवक्ता ने मांग की है कि चाइनीज मांझे से मृत नागरिकों के परिजनों और घायलों को राज्य सरकार की ओर से उचित मुआवजा व आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही पूरे प्रदेश और देश में इस पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
No comments:
Post a Comment