वाराणसी। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। हालात को देखते हुए श्री शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय जिला चिकित्सालय कबीरचौरा में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए विशेष कोल्ड रूम तैयार किया गया है। अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि इस सुविधा का उद्देश्य लू और हीट स्ट्रोक से जूझ रहे मरीजों को तुरंत राहत और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। कोल्ड रूम में वॉटर बाथ सिस्टम लगाया गया है, जिससे 104-105 डिग्री तक पहुंचे शरीर के तापमान को तुरंत ठंडे पानी के जरिए नियंत्रित किया जा सके। इसके अलावा अस्पताल में आइस बॉक्स, ओआरएस पैकेट, थर्मामीटर और सभी जरूरी इमरजेंसी दवाओं का पर्याप्त इंतजाम किया गया है। मरीजों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित डॉक्टरों और नर्सों की टीम 24 घंटे तैनात कर दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इलाज मिल सके।
* *डॉक्टर की सख्त चेतावनी*
डॉ. बृजेश कुमार ने लोगों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। खासतौर पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक का समय सबसे ज्यादा खतरनाक बताया गया है।
बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को घर में ही रहने की सलाह दी गई है।
बाहर निकलते समय शरीर को पूरी तरह ढकें और हल्के, ढीले कपड़े पहनें।
*बार-बार पानी पीकर शरीर को हाइड्रेट रखें।*
अगर किसी व्यक्ति को चक्कर, कमजोरी या तेज बुखार जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें।
*स्वास्थ्य विभाग का साफ संदेश है— समय पर इलाज ही हीट स्ट्रोक से बचाव का सबसे कारगर हथियार है।*
No comments:
Post a Comment