वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और ध्वस्तीकरण अभियान लगातार जारी है। प्रशासन की कार्रवाई के बीच अब स्थानीय व्यापारी बिजली कटौती और मलबे की समस्या से जूझ रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि ध्वस्तीकरण के कारण पहले ही कारोबार प्रभावित हो चुका है, वहीं अब लगातार बिजली बाधित होने और सड़कों पर पड़े मलबे से बची-खुची दुकानदारी भी चौपट होती जा रही है।
दुकानदारों के अनुसार पिछले करीब दो सप्ताह से इलाके में ध्वस्तीकरण के बाद निकला मलबा सड़कों और गलियों में जमा है, लेकिन उसे हटाने की व्यवस्था नहीं की जा रही है। इससे राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह धूल और टूटे पत्थरों के कारण लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। व्यापारियों का आरोप है कि प्रशासन केवल तोड़फोड़ पर ध्यान दे रहा है, जबकि सफाई और वैकल्पिक व्यवस्थाओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
स्थानीय कारोबारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कई बार घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे दुकानों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। गर्मी के मौसम में ग्राहक भी बाजार आने से बच रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि लगातार घटती बिक्री से आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।
No comments:
Post a Comment