वाराणसी: बेहद संवेदनशील माने जाने वाले दालमंडी क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के बीच पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में कमिश्नरेट वाराणसी के अपर पुलिस आयुक्त *(कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा* ने थाना चौक क्षेत्र स्थित दालमंडी इलाके का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया।
दालमंडी क्षेत्र घनी आबादी, व्यावसायिक गतिविधियों, धार्मिक स्थलों और संकरी गलियों के कारण हमेशा संवेदनशील माना जाता है। सड़क चौड़ीकरण के चलते रास्तों में बदलाव, बैरिकेडिंग और लोगों की आवाजाही प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने पूरे चौड़ीकरण क्षेत्र का *पैदल भ्रमण* किया और निर्माण स्थलों, बाजारों, गलियों, चौराहों, मंदिर-मस्जिदों के आसपास के इलाकों, पार्किंग स्थलों और ट्रैफिक डायवर्जन पॉइंट्स का गहन निरीक्षण किया।
इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम बिंदुओं की समीक्षा की—
➡️ निर्माण स्थलों पर मजबूत बैरिकेडिंग
➡️ चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश
➡️ रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था की जांच
➡️ पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ता
➡️ बाजारों में भीड़ नियंत्रण व्यवस्था
➡️ एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड के लिए वैकल्पिक मार्ग
➡️ सीसीटीवी कैमरों की निगरानी
➡️ सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर
अपर पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण स्थलों पर *त्रिस्तरीय बैरिकेडिंग,* रिफ्लेक्टर टेप और चेतावनी बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। सड़क पर मलबा फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी।
रात में अंधेरे की समस्या को देखते हुए हाई-मास्ट लाइट लगाने और खुले बिजली तारों की नियमित जांच के निर्देश भी दिए गए।
भीड़भाड़ वाले बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि जुमे की नमाज और विशेष आयोजनों के दौरान धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात किए जाएंगे ताकि जेबकतरी और अन्य अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।
आपातकालीन सेवाओं के लिए पुलिस ने *24×7 QRT (क्विक रिस्पॉन्स टीम)* को अलर्ट मोड में रखने का आदेश दिया है। वहीं कंट्रोल रूम से रियल टाइम सीसीटीवी मॉनिटरिंग और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान *डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल,* एसीपी दशाश्वमेध *अतुल अंजन त्रिपाठी* समेत संबंधित थाना और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि विकास कार्य जारी रहेगा, लेकिन आम जनता को कम से कम परेशानी हो और कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे—इसके लिए हर स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है।
No comments:
Post a Comment