वाराणसी में देर रात ऑटो से घर लौट रही महिला पर अभद्र टिप्पणी करने और पीछा करने के मामले में कैंट पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि 7 मई 2026 की भोर में महिला ऑटो से घर जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक लगातार ऑटो का पीछा करते हुए महिला पर अभद्र टिप्पणियां करने लगे। महिला ने साहस दिखाते हुए पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद कैंट पुलिस हरकत में आई। महिला से संपर्क कर घटना स्थल की जानकारी ली गई और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलोक मिश्रा निवासी रमदत्तपुर, वाराणसी और आशुतोष सिंह निवासी कच्छवां, मिर्जापुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे रात में बाइक से घूमते थे और सुनसान इलाकों में महिलाओं से अभद्रता करते थे।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा, सब इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह, कांस्टेबल प्रमोद कुमार, अमित कुमार और कमल भारती शामिल रहे।
No comments:
Post a Comment